फरीदाबाद : कंप्रेशर फटने से एमजीए इंडस्ट्रीज में लगी आग | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

फरीदाबाद : कंप्रेशर फटने से एमजीए इंडस्ट्रीज में लगी आग

Date : 16-Feb-2026

फरीदाबाद, 16 फरवरी । सेक्टर-24 स्थित एक औद्योगिक इकाई में रविवार देर शाम लगी भीषण आग से हडक़ंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। दमकल विभाग की सात से आठ गाडिय़ों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सेक्टर-24 के एमजीए इंडस्ट्रीज में शाम को आग भडक़ उठी। जानकारी के अनुसार कंपनी के अंदर चल रही सीएनसी मशीन के कम्प्रेसर फटने के बाद आग लगी। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। कम्प्रेसर फटते ही मशीन में चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कंपनी में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन मशीनों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री और तेल आदि के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पास में रखी अन्य सीएनसी मशीनों और कच्चे व तैयार माल को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी के कई हिस्सों से धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस को सूचित किया गया। थोड़ी ही देर में दमकल विभाग की करीब सात-आठ गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए लगभग डेढ़ घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। मुजेसर थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि इस आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो कि राहत की बात है। रविवार होने के कारण कंपनी में अवकाश था और लगभग दस कर्मचारी ही काम कर रहे थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement