कांवड़ मेले के बाद जन सहभागिता से चलाया स्वच्छता अभियान | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

कांवड़ मेले के बाद जन सहभागिता से चलाया स्वच्छता अभियान

Date : 16-Feb-2026

हरिद्वार, 16 फ़रवरी । कांवड़ मेले के सफल आयोजन के पश्चात जिलाधिकारी की पहल पर नगर निगम हरिद्वार व जिला प्रशासन द्वारा शहर को पुनः स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित बनाने के लिए वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में शांतिकुंज, पतंजलि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों का उत्साहपूर्ण सहयोग रहा।

चमगादड़ टापू क्षेत्र में शांतिकुंज के सहयोग से सेनेटरी इंस्पेक्टर धीरेन्द्र सेमवाल के नेतृत्व में विशेष अभियान संचालित किया गया। शांतिकुंज के लगभग 200 स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर कांवड़ यात्रियों द्वारा छोड़े गए अपशिष्ट को हटाया। इस क्षेत्र से कुल 8 टन कचरा एकत्रित कर वैज्ञानिक विधि से निस्तारित किए जाने हेतु भेजा गया।

इसी क्रम में रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पतंजलि के 80 विद्यार्थियों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। यहाँ से लगभग 4 टन अपशिष्ट एकत्रित किया गया। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने स्वच्छता के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

नगर निगम हरिद्वार द्वारा अभियान में सहयोग प्रदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों, संस्थाओं एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे स्वच्छ हरिद्वार-स्वस्थ हरिद्वार की दिशा में एक सकारात्मक एवं सशक्त पहल बताया। जनसहभागिता, प्रशासनिक सक्रियता और संस्थागत सहयोग के इस समन्वय ने हरिद्वार को पुनः स्वच्छता की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement