रामगढ़ में 400 किलो जावा महुआ व 35 लीटर शराब जब्त | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

रामगढ़ में 400 किलो जावा महुआ व 35 लीटर शराब जब्त

Date : 18-Feb-2026

 रामगढ़, 18 फरवरी। झारखंड में 23 फरवरी को प्रस्तावित नगरपालिका चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार को उत्पाद विभाग ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।

उत्पाद विभाग के अधिकारी अरविन्द कुजूर के नेतृत्व में रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोठार, कैथा, पारडीह, कुसुमटोला समेत अन्य इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। टीम ने विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी करते हुए अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त कई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।

अभियान के दौरान लगभग 400 किलोग्राम जावा महुआ तथा 35 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई। बरामद सामग्री को जब्त करते हुए मौके पर ही अवैध भट्ठियों को नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा उत्पादन की संभावना समाप्त की जा सके।

कार्रवाई के दौरान तीन व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि चुनावी माहौल को देखते हुए अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान जारी रहेगा।

यह छापेमारी अभियान अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में अधीनस्थ उत्पाद बल एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों के सहयोग से संचालित किया गया।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रहे।-


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement