चेन्नई,, 19 फ़रवरी । चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि शुक्रवार (20 फरवरी) से अगले चार दिनों तक तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह बदलाव भूमध्य रेखा के पास हिंद महासागर तथा उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उसी क्षेत्र में सक्रिय बना हुआ है। इसके और मजबूत होने की संभावना जताई गई है, जिससे राज्य में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
गुरुवार (19 फरवरी) काे तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को दक्षिण तमिलनाडु और तटीय इलाकों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश के आसार हैं, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
इसके साथ ही आगामी 21 व 22 फरवरी को तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 23 व 24 फरवरी को भी राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर तमिलनाडु में 22 फरवरी तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है। रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है।
दूसरी ओर, चेन्नई और आसपास के इलाकों में 20 फरवरी को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।--
