जौनपुर ,20 फरवरी । यूपी के मुंगराबादशाहपुर स्थित जय बजरंग महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा सिन्हा द्वारा ध्वज पूजन के साथ हुई। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेविकाओं ने एनएसएस ध्वज को सलामी दी और उसके महत्व, उद्देश्य तथा आदर्शों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम अधिकारी नीलेश यादव ने सात दिवसीय शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस दौरान स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं स्वावलंबन जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को अलग-अलग टोलियों में विभाजित कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपीं, ताकि सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य छात्राओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है।शिविर के माध्यम से छात्राएं न केवल समाज सेवा के कार्यों में भाग लेंगी, बल्कि अपने व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में भी सार्थक भूमिका निभाएंगी।इस अवसर पर सरिता पटवा, सुभाषिनी त्रिपाठी, रुचि यादव, लक्ष्मीनारायण पाल सहित अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर की सफलता की कामना करते हुए स्वयंसेविकाओं का उत्साहवर्धन किया।
