पूर्व मेदिनीपुर, 11 अप्रैल । दक्षिण कांथी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार अरूप कुमार दास ने शनिवार को नोयापुट क्षेत्र के चेंचुरापुट करंजी स्थित काली मंदिर एवं शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की।
पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने स्थानीय इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं से मुलाकात कर समर्थन की अपील की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया।
दक्षिण कांथी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र मेें भाजपा के अरूप कुमार दास का मुख्य मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस के तरुण कुमार जाना, और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के तेहरान हुसैन के बीच है। चूंकि क्षेत्र में अप्रैल के अंतिम चरणों में मतदान प्रस्तावित है, इसलिए सभी प्रत्याशी वर्तमान में सघन जनसंपर्क और स्थानीय सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं।
भाजपा उम्मीदवार अरूप कुमार दास ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र में विकास की गति को तेज करना और जनता की समस्याओं का समाधान करना है। 2021 के विधानसभा चुनाव में कांथी दक्षिण सीट पर भाजपा के प्रत्याशी अरूप कुमार दास ने 98 हजार 477 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी। उन्होंने तृणमूल प्रत्याशी ज्योतिर्मय कर को हराया जिनके हिस्से 88 हजार 184 वोट आए।
