मुरादाबाद, 11 अप्रैल । उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ व जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मुरादाबाद जिले में रामगंगा विहार स्थित सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में अस्मिता खेलो इंडिया के तहत जिला स्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में जिले के कई विद्यालयों और क्लबों की टीमों ने हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में विल्सोनिया स्कॉलर्स होम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए।
निर्णायक मंडल में शामिल बलवन्त सैनी ने बताया कि हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने किया। पहले सेमीफाइनल में ग्रीन मिडोज ने मेथोडिस्ट को 3-1 से हराया, जिसमें अराध्या ने 2 और संजना ने 1 गोल किया। दूसरे सेमीफाइनल में विल्सोनिया स्कॉलर्स होम ने जीएमएस एकेडमी को 7-5 से हराया, जिसमें अलका सिंह ने 5 और युक्ता ने 2 गोल दागे। फाइनल मुकाबले में विल्सोनिया स्कॉलर्स होम ने ग्रीन मिडोज को 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम की ओर से अलका ने 1, चुक्ता ने 2, नैत्री चौधरी ने 1 और नव्या ने 1 गोल किया। वहीं ग्रीन मिडोज की ओर से अराध्या सिंह, रिजवा सुल्तान और सिद्धि भट्ट ने एक-एक गोल किया।
समापन व पुरस्कार वितरण उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव अजय विक्रम पाठक ने किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में बलवन्त सैनी के अलावा विकास, पारस, विजेंद्र सिंह और पायल की भूमिका रही। इस दौरान राम कृपाल (प्रधान सहायक), अंकित अग्रवाल, एथलेटिक्स कोच ललिता चौहान, बैडमिंटन कोच आसिफ सिद्दीकी और कुश्ती प्रशिक्षक गोविंद कुमार यादव आदि भी मौजूद रहे।
