बलरामपुर, 16 मई । विकासखंड अंतर्गत सनावल क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। सुहागन महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु, परिवार की खुशहाली और बच्चों के सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा स्थल पर पहुंचने लगी थीं। वट वृक्ष के नीचे विधिवत पूजा कर महिलाओं ने व्रत कथा का श्रवण किया और परंपरा के अनुसार वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधा। इस दौरान पूरे माहौल में धार्मिक आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा।
महिलाओं ने बताया कि वट सावित्री व्रत भारतीय परंपरा और वैवाहिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन सुहागन महिलाएं अखंड सौभाग्य और परिवार की मंगलकामना के लिए व्रत रखती हैं।
पूजा कार्यक्रम में प्रेमलता जायसवाल, यशोदा गुप्ता, मनोकामना गुप्ता, अनुपमा गुप्ता, अनीता पोया, शशिलता सिंह, सविता कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सनावल की सुहागन महिलाएं और बहनें मौजूद रहीं।
