सिलीगुड़ी,16 मई । उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रामाणिक ने जिम्मेदारी संभालने के बाद शनिवार को पहली बार मिनी शाखा सचिवालय उत्तरकन्या पहुंचकर प्रशासनिक बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि पिछली अवधि में हुए निम्न गुणवत्ता के कार्यों की जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
यहां विभाग के सचिव और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
बैठक में उत्तर बंगाल के विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। पहली ही बैठक में मंत्री ने भ्रष्टाचार और घटिया काम को लेकर कड़ा रुख अपनाया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ चेतावनी दी कि पिछले समय में जिन लोगों ने निम्न गुणवत्ता का काम किया है, उन्हें चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग में किसी भी तरह का कॉन्ट्रैक्टर राज, मिडिलमैन या दलालों की दखल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि जहां काम होना चाहिए वहां काम होगा और विकास के मामलों में किसी भी तरह की साजिश या लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।
