वोट बाद हिंसा की जांच करने पहुंची तृणमूल की फैक्ट फाइंडिंग टीम, मृत कार्यकर्ता के परिवार ने किया विरोध | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

वोट बाद हिंसा की जांच करने पहुंची तृणमूल की फैक्ट फाइंडिंग टीम, मृत कार्यकर्ता के परिवार ने किया विरोध

Date : 16-May-2026

 हुगली, 16 मई । चुनाव बाद हिंसा के आरोपों की जांच करने पहुंची तृणमूल कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम को शनिवार को गोघाट में मृत तृणमूल कार्यकर्ता सहदेव बाग के परिवार के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

तृणमूल कांग्रेस की पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल टीम, जिसमें बीरबाहा हांसदा, प्रतिमा मंडल और निर्मल माझी शामिल थे, अरामबाग के विभिन्न इलाकों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात कर रही थी।

जब टीम गोघाट में मृत तृणमूल कार्यकर्ता सहदेव बाग के घर पहुंची, तो परिवार के सदस्य नाराज हो उठे। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने दिनों तक कोई उनकी स्थिति जानने नहीं आया और स्थानीय तृणमूल नेताओं ने भी उनका साथ नहीं दिया।

घटना को लेकर फैक्ट फाइंडिंग टीम की सदस्य बीरबाहा हांसदा ने दावा किया कि इलाके में लगातार धमकी और डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेता भी भय के माहौल में हैं और टीम पूरे मामले को लेकर पुलिस से संपर्क करेगी।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सहदेव बाग का शव एक तृणमूल पार्टी कार्यालय के पीछे से बरामद किया गया था। मृतक के परिवार ने इसे राजनीतिक हत्या बताया था।

हालांकि पुलिस का दावा था कि सहदेव बाग की मौत अत्यधिक शराब सेवन के कारण हुई थी। तृणमूल की फैक्ट फाइंडिंग टीम ने आरोप लगाया कि मामले की अब तक निष्पक्ष और पूर्ण जांच नहीं हुई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement