नई दिल्ली, 09 दिसंबर (हि.स.)। 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह ने शुक्रवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पुरानी पेंशन योजना को वापस लाने का वादा अविवेकपूर्ण निर्णय है। इससे राज्य की वित्तीय स्थिति बड़े संकट में पड़ सकती है।
सीआईआई ग्लोबल इकोनामिक पॉलिसी सम्मिट-2022 के इतर पत्रकारों से बातचीत में एनके सिंह ने अपने यह विचार रखें। उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना को छोड़कर पुरानी पेंशन योजना अपनाना एक अविवेकपूर्ण कदम है। इस पर पहले काफी चर्चा हुई है और तब इसे अपनाया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह इसके समर्थक रह चुके हैं।
सिंह ने कहा उनके सहकर्मी मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने इस पर विस्तार से अपनी बात रखी है। यह कैसे एक एक राजकोषीय संकट पैदा कर सकता है। कुछ राज्य पुरानी पेंशन योजना पर वापस जा रहे हैं, वे अपने राज्य के वित्त को कठिनाई और दबाव में डाल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को आए नतीजों में कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिला है। कांग्रेस ने पार्टी ने चुनाव के दौरान पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा किया था।