केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपने 96% से अधिक सदस्यों के खातों में ब्याज जमा कर दिया है। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 32 करोड़ 40 लाख खातों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और शेष खातों में भी इसी सप्ताह के भीतर ब्याज जमा होने की संभावना है।
श्री मंडाविया ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा ब्याज दर को मंजूरी मिलने के बाद मंत्रालय ने दो महीने से भी कम समय में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने इस तेज़ और समयबद्ध प्रक्रिया का श्रेय तकनीकी प्रणालियों के अनुकूलन को दिया, जिससे ब्याज जमा करने में समय की बचत हुई और पारदर्शिता भी सुनिश्चित की गई।