शीतलहर की चपेट में दक्षिण बंगाल, झाड़ग्राम और मेदिनीपुर में पारा आठ डिग्री के नीचे पहुंचा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

शीतलहर की चपेट में दक्षिण बंगाल, झाड़ग्राम और मेदिनीपुर में पारा आठ डिग्री के नीचे पहुंचा

Date : 07-Jan-2026

 पश्चिम मेदिनीपुर, 07 जनवरी । पश्चिम बंगाल के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में इस समय शीतलहर का प्रकोप जारी है। उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं और घने कोहरे के कारण पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिले पूरी तरह से ठिठुर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष तापमान पिछले वर्ष की तुलना में लगभग छह डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।

मंगलवार रात पश्चिम मेदिनीपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पिछले वर्ष छह जनवरी को यहां का न्यूनतम तापमान 14.39 डिग्री सेल्सियस था। इस प्रकार एक वर्ष के भीतर ही तापमान में छह डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है, जिसने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। झाड़ग्राम के जंगली और पहाड़ी इलाकों में पारा आठ डिग्री से भी नीचे चला गया है।

राजधानी कोलकाता में भी ठंड ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड की याद दिला दी है। छह जनवरी 2026 को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। इससे पहले 2023 में 10.9 डिग्री और 1989 में रिकॉर्ड 6.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।

कोहरे और बर्फीली हवाओं के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही। दोपहर में भी बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सबसे बुरा हाल फुटपाथ पर रहने वाले और निराश्रित लोगों का है, जिनके लिए प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं से मदद की अपील की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश के कारण आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड का यह दौर जारी रहेगा। हालांकि बीच में एक-दो दिन तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, लेकिन ठंड के मिजाज में फिलहाल बड़ी राहत की संभावना नहीं है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement