केंद्रीय बजट के प्रचार -प्रसार के लिए जांजगीर-चांपा जिले के दो युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

केंद्रीय बजट के प्रचार -प्रसार के लिए जांजगीर-चांपा जिले के दो युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

Date : 01-Feb-2026

 जांजगीर-चांपा, 01 फ़रवरी । केन्द्रीय बजट 2026 के प्रचार-प्रसार को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) छत्तीसगढ़ ने प्रदेश स्तरीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में जांजगीर-चांपा जिले के दो युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे जिले का राजनीतिक कद एक बार फिर प्रदेश स्तर पर उभरकर सामने आया है।

भाजयुमो छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा की सहमति से जारी की गई सूची में जांजगीर-चांपा निवासी भाजयुमो प्रदेश महामंत्री जितेंद्र देवांगन को पूरे प्रदेश में बजट 2026 के प्रचार अभियान का कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह अभियान 1 फरवरी से 15 फरवरी तक चलेगा, जिसकी पूरी कमान जितेंद्र देवांगन के हाथों में रहेगी। इस दौरान वे प्रदेशभर में युवाओं के बीच बजट की योजनाओं, प्रावधानों और भविष्य की दिशा को लेकर व्यापक संवाद करेंगे।

वहीं, जांजगीर-चांपा जिले के ही युवा नेता और भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह को भिलाई जिले का कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है। भिलाई जैसे औद्योगिक और श्रमिक बहुल क्षेत्र में बजट 2026 को युवाओं से जोड़ने, उद्योग, रोजगार और विकास से जुड़े प्रावधानों को सरल भाषा में समझाने की जिम्मेदारी अमन प्रताप सिंह निभाएंगे।

इन नियुक्तियों के बाद जांजगीर-चांपा जिले के भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि जिले के युवाओं को प्रदेश स्तर पर मिली यह जिम्मेदारी न केवल संगठन की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि जांजगीर-चांपा की सक्रिय भूमिका को भी रेखांकित करती है।

भाजयुमो का लक्ष्य बजट 2026 की योजनाओं, विशेषताओं और युवाओं से जुड़े प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि युवा वर्ग देश की आर्थिक दिशा और विकास योजनाओं से सीधे तौर पर जुड़ सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement