मप्र: सीहोर के अमलाहा में आज राष्ट्रीय सम्मेलन, केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री होंगे शामिल | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

मप्र: सीहोर के अमलाहा में आज राष्ट्रीय सम्मेलन, केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री होंगे शामिल

Date : 07-Feb-2026

 भोपाल, 07 फरवरी । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के अमलाहा स्थित खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र में आज शनिवार को राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।

प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि सम्मेलन में उत्पादन एवं उत्पादकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श होगा। दलहन क्षेत्र की मूल संवेदनाओं, वर्तमान चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। देश के प्रमुख दलहन उत्पादक राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारीगण, दलहन अनुसंधान से जुड़े वैज्ञानिक, सरकारी बीज उत्पादक संस्थाएँ, दाल उद्योग से संबंधित प्रतिनिधि एवं अन्य सहयोगी एजेंसियाँ भाग लेंगी। केन्द्रीय मंत्री चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र की अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण भी करेंगे।

कृषि मंत्री कंषाना ने बताया कि सम्मेलन में दलहन उत्पादन को सुदृढ़ करने, किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्नत तकनीकों के माध्यम से उत्पादकता सुधार पर अपने विचार साझा किये जाएंगे। यह सम्मेलन दलहन क्षेत्र में नीति निर्धारण और अनुसंधान में मील का पत्थर साबित होगा। सम्मेलन का उद्देश्य किसानों तक नवीन शोध, गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक खेती पद्धतियों तथा बाज़ार से जुड़ी जानकारी पहुँचाना है, जिससे दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके। साथ ही विभिन्न राज्यों के अनुभवों के आदान-प्रदान से राष्ट्रीय स्तर पर दलहन विकास की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।

इन राज्यों के कृषि मंत्री होंगे शामिलराष्ट्रीय सम्मेलन में उड़ीसा से कनकवर्धन सिंह देव, पंजाब से सरदार गुरुमीत सिंह खुडियन, छत्तीसगढ़ से रामविचार नेताम, बिहार से राम कृपाल यादव, गुजरात से रमेशभाई कटारा, उत्तर प्रदेश से सूर्य प्रताप साही, हरियाणा से श्याम सिंह राणा, पश्चिम बंगाल से सोवानदेव चट्टोपाध्याय शामिल होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को सुबह 10:45 बजे पौध-रोपण से होगी। केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान कृषि की उन्नत प्रोद्योगिकियों एवं दलहन की नई किस्मों का अवलोकन करेंगे और किसानों से संवाद करेंगे। वे यहाँ प्रशासनिक भवन, किसान प्रशिक्षण केन्द्र और पादप जीनोमिक्स, ऊतक संवर्धन, प्रजनन एवं रोग विज्ञान से संबंधित अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी करेंगे।

इसके साथ ही दलहन के उन्नत बीज, उत्पाद एवं तकनीक से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन करने के वाद "दलहन आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय मिशन" पर राष्ट्रीय परामर्श शुरू होगा। सम्मेलन में 'पल्सेस मिशन पोर्टल" भी लाँच होगा और प्रगतिशील किसानों को उन्नत किस्मों के बीजों का प्रतीकात्मक वितरण भी किया जायेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement