बजट आम आदमी, गरीबों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित: योगेंद्र चंदोलिया | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

बजट आम आदमी, गरीबों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित: योगेंद्र चंदोलिया

Date : 07-Feb-2026

 नई दिल्ली, 07 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि बजट आम आदमी, गरीबों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्माण के पथ पर चलते हुए 2027 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर यह बजट पेश किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुनियादी ढांचे के लिए बारह लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया है।

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट को आम आदमी और गरीब वर्ग को राहत देने वाला बताया। उन्होंने बताया कि बजट में कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं पर महत्वपूर्ण राहत दी गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि यदि देश को विकसित करना है, तो रेल व्यवस्था हो, वायुयान व्यवस्था हो, परिवहन व्यवस्था हो, सड़कों का निर्माण हो या भवन, अस्पताल और कॉलेज इन सभी पर ध्यान देना आवश्यक है। साथ ही इस बजट में मेडिकल कॉलेजों की सीटें बढ़ाने की बात भी कही गई है।

चंदोलिया ने कहा कि यह बजट महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती देता है। महिलाओं के लिए सहायता समूहों के माध्यम से पर्याप्त समर्थन प्रदान किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि जब विपक्षी दल बजट को समझ ही नहीं पा रहे हैं, तो वे किसानों के मुद्दों को कैसे समझेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाएं चाहे किसानों को क्रेडिट कार्ड देना हो या समय पर आर्थिक सहायता ऐसे कदम हैं जो कांग्रेस सरकारों ने कभी नहीं उठाए।

इनकम टैक्स को लेकर विपक्ष की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए चंदोलिया ने कहा कि इस बजट में बारह लाख रुपये तक की इनकम टैक्स छूट दी गई है। कांग्रेस पार्टी ने अपने शासनकाल में कभी पचास हजार, दो लाख या ढाई लाख रुपये तक की छूट बढ़ाने के बारे में भी नहीं सोचा। बारह लाख रुपये की छूट कोई छोटी बात नहीं है, लेकिन विपक्ष को यह बजट समझ में नहीं आ रहा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि यह बजट विकास, समावेशन और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement