कोलकाता, 13 फरवरी। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर मुर्शिदाबाद जिले में देर रात छापेमारी कर दो लोगों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एसटीएफ के एसपी इंद्रजीत सरकार ने शुक्रवार दोपहर जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि एसटीएफ की टीम ने बीती रात मुर्शिदाबाद जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद शमसाद अली उर्फ कालू और (2) राजेश शेख के रूप में हुई है। दोनों मुर्शिदाबाद के रहने वाले हैं।
छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से 7.65 एमएम के दो आग्नेयास्त्र, चार मैगजीन तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद सभी हथियार और गोलियां जब्त कर ली गई हैं।
इस मामले में एसटीएफ पश्चिम बंगाल मुख्यालय थाने में आरोपितों के खिलाफ विशिष्ट मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने दोनों को सात दिनों की पुलिस हिरासत (पीसी) में भेजने की अनुमति दी है।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ के दौरान हथियारों की आपूर्ति नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है।
