गुवाहाटी, 16 मई । पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्थिर एवं दूरदर्शी आर्थिक नीतियों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी ने दावा किया कि केंद्र सरकार आम जनता को वैश्विक ईंधन संकट के प्रतिकूल प्रभावों से बचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय बशिष्ठ से जारी आधिकारिक बयान में पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट दिलीप कुमार शर्मा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और अस्थिरता का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि दिसंबर, 2025 में कच्चे तेल की कीमत जहां 57 से 62 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के बीच थी, वहीं अब यह बढ़कर 110 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो गई है, जिससे दुनिया भर के देशों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
बयान में कहा गया कि भारत अपनी कुल जरूरत का लगभग 88.3 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है और उसका बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आता है। इसके बावजूद मोदी सरकार ने आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देने के लिए निरंतर कदम उठाए हैं।
भाजपा नेता ने दावा किया कि कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि की गई है, जबकि भारत में पिछले तीन-चार महीनों के दौरान पेट्रोल की कीमत में लगभग 3.2 प्रतिशत तथा डीजल की कीमत में करीब 3.4 प्रतिशत की ही वृद्धि हुई है, जो विश्व स्तर पर सबसे कम वृद्धि में शामिल है।
बयान में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और कूटनीतिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि पेट्रोलियम भंडारण और एलपीजी आपूर्ति से जुड़े हालिया अंतरराष्ट्रीय समझौतों ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया है तथा लोगों में विश्वास पैदा किया है।
असम भाजपा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, रणनीतिक दृष्टि और संतुलित आर्थिक नीतियों के बल पर भारत इस वैश्विक संकट का सफलतापूर्वक सामना करेगा। साथ ही राज्य और देश के लोगों से इस चुनौतीपूर्ण समय में सरकार के प्रति सहयोग और समर्थन बनाए रखने की अपील भी की गई।
