आंतों के सूक्ष्मजीव व्यायाम के लिए उकसाते हैं! | The Voice TV

Quote :

तुम खुद अपने भाग्य के निर्माता हो - स्वामी विवेकानंद

Health & Food

आंतों के सूक्ष्मजीव व्यायाम के लिए उकसाते हैं!

Date : 15-Apr-2023

 कई लोग अपना यह (नाकाम) प्रण दोहराएंगे कि वे सुबह उठ कर व्यायाम करना शुरू कर देंगे। लेकिन सुबह जल्दी बिस्तर न छोड़ पाने के चलते उनका प्रण धरा का धरा रह जाएगा। लेकिन अब लग रहा है कि आंतों के पलने वाले बैक्टीरिया यह प्रण पूरा करने में उनकी मदद कर सकते हैं।
नेचर पत्रिका में प्रकाशित चूहों पर हुआ अध्ययन बताता है कि व्यायाम करने की इच्छा-अनिच्छा में फर्क के पीछे आंत के सूक्ष्मजीव ज़िम्मेदार हो सकते हैं। शोधकर्ताओं ने अपना अध्ययन कुछ विशेष सूक्ष्मजीवों द्वारा उत्पादित अणुओं पर केंद्रित किया जो चूहों जैसे कृंतक जीवों में दौड़ने की इच्छा जगाते हैं और उन्हें दौड़ाते रहते हैं। शोधकर्ताओं ने यह पता लगाया है कि ये अणु मस्तिष्क से ठीक किस तरह संवाद करते हैं। उम्मीद की जा रही है कि ये नतीजे मनुष्यों पर भी लागू होंगे।
प्रोबायोटिक बनाने वाली कंपनी के सह-संस्थापक और सूक्ष्मजीव विज्ञानी एलेक्ज़ेंडर कोस्टिक के अनुसार यह अध्ययन बताता है कि व्यायाम के लिए सूक्ष्मजीव संसार (माइक्रोबायोम) कितना महत्वपूर्ण है और आंत और मस्तिष्क के बीच घनिष्ठ सम्बंध भी उजागर करता है। शायद किसी दिन व्यायाम के लिए उकसाने वाले सूक्ष्मजीव (या सम्बंधित अणु) दवा के रूप में इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
यह जानने के लिए कि क्यों कुछ लोग व्यायाम करना पसंद करते हैं और कुछ नहीं, पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के सूक्ष्मजीव विज्ञानी क्रिस्टोफ थैइस ने फुर्तीले चूहों से लेकर आलसी चूहों तक का अध्ययन किया। आनुवंशिक और व्यवहारगत भिन्नता वाले चूहे विशेष रूप से तैयार किए गए थे। इन चूहों की पिंजरों में लगे पहियों पर चलने की इच्छा में पांच गुना से अधिक अंतर था - कुछ चूहे 48 घंटों में 30 किलोमीटर से अधिक दौड़ लेते थे, जबकि बाकी चूहे बमुश्किल कदम उठाते थे।
अध्ययन में फुर्तीले और आलसी चूहों की आनुवंशिक बनावट या जैव-रासायनिक संरचना में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं दिखाई दिया। लेकिन शोधकर्ताओं को एक सुराग मिला: सामान्य रूप से फुर्तीले चूहों को एंटीबायोटिक दवाएं देने पर वे कम व्यायाम करने लगे थे। आगे के अध्ययनों से पता चला कि एंटीबायोटिक उपचार ने इन फुर्तीले चूहों के मस्तिष्क को प्रभावित किया था। उनके डोपामाइन स्तर में कमी आई थी और मस्तिष्क के कुछ जीन्स की गतिविधि कम हो गई थी। डोपामाइन एक तंत्रिका-संप्रेषक है जो ‘धावकों के नशे’ यानी लगातार व्यायाम करने से मिलने वाले आनंद के लिए जाना जाता है।
शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि जिन चूहों में आंत के कतिपय बैक्टीरिया की कमी थी उन्हें फुर्तीले चूहों की आंत के सूक्ष्मजीव दिए गए तो वे भी अधिक सक्रिय हो गए। ऐसा लगता है कि ये बैक्टीरिया एक संकेत भेजते हैं जो मस्तिष्क में डोपामाइन को तोड़ने के लिए ज़िम्मेदार एंजाइम की क्रिया में बाधा डालता है। परिणाम यह होता है कि मस्तिष्क के रिवार्ड सेंटर (आनंद महसूस करवाने वाले भाग) में डोपामाइन जमा होने लगता है।
इसके बाद शोधकर्ताओं ने कुछ चूहों में आंत से मस्तिष्क तक संदेश पहुंचाने वाली तंत्रिकाओं को अवरुद्ध करके देखा कि डोपामाइन बढ़ाने वाले संकेत मेरूदंड की तंत्रिकाओं के माध्यम से मस्तिष्क तक पहुंचते हैं। इन तंत्रिकाओं को उकसा कर शोधकर्ता आंत में बैक्टीरिया की कमी वाले चूहों में भी व्यायाम की इच्छा जगाने वाले संकेत भेजने में सफल रहे।
इसके बाद शोधकर्ताओं ने प्रयोगशाला में इन तंत्रिकाओं का विच्छेदन करके उन्हें आंत के बैक्टीरिया और उन बैक्टीरिया द्वारा बनाए जाने वाले अणुओं के संपर्क में रखा। सूक्ष्मजीव-रहित चूहों को जब फैटी एसिड एमाइड्स दिए गए तो चूहों के मस्तिष्क में डोपामाइन का स्तर बढ़ गया और वे व्यायाम करने लगे। फैटी एसिड एमाइड्स बनाने वाले जीन से लैस बैक्टीरिया देने पर इन चूहों में डोपामाइन का स्तर बढ़ा मिला।
अब सवाल है कि क्या ये नतीजे मनुष्यों पर भी लागू होंगे? शोधकर्ताओं के अनुसार इस मामले में सावधानी रखनी चाहिए क्योंकि कृंतक जीवों और मनुष्यों में कई अंतर होते हैं।
पूर्व अध्ययनों में देखा गया है कि मैराथन धावकों की आंत में एक विशेष सूक्ष्मजीव का उच्च स्तर होता है, जिससे लगता है कि इसका व्यायाम से कोई सम्बंध है। यह भी देखा गया है कि व्यवहार को प्रेरित करने में डोपामाइन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। तो उम्मीद है कि किसी दिन एक गोली ही हमसे व्यायाम करवा लेगी।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement