यूपी में एक दिन में रोपे गये 37,21,40,925 पौधे, मुख्यमंत्री योगी ने जताया आभार | The Voice TV

Quote :

तुम खुद अपने भाग्य के निर्माता हो - स्वामी विवेकानंद

National

यूपी में एक दिन में रोपे गये 37,21,40,925 पौधे, मुख्यमंत्री योगी ने जताया आभार

Date : 09-Jul-2025

लखनऊ, 9 जुलाई | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बुधवार को नया इतिहास रच दिया। 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' थीम के अंतर्गत पौधरोपण महाभियान-2025 में पूरे प्रदेश में शाम छह बजकर छह मिनट तक एक दिन में 37,21,40,925 पौध रोपण किया गया। यह सरकार के तय लक्ष्य 37 करोड़ से 21,40,925 अधिक है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान 'एक पेड़ मां के नाम-2.0' के तहत मुख्यमंत्री की मंशा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को प्रदेश में व्यापक स्तर पर 'पौधरोपण महाभियान-2025' चलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के रामपुर हलवारा में सरयू नदी के किनारे त्रिवेणी वाटिका में बरगद, नीम और पीपल के पौधे रोपकर इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक के केरमा गांव में एक्सप्रेसवे के किनारे हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की, फिर गोरखपुर के खाद कारखाना परिसर में चिलुआताल के समीप पौधरोपण किया।

राज्यपाल ने बाराबंकी, केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ व ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में लगाया पौधापाैधा राेपण अभियान के तहत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने बाराबंकी में त्रिवेणी (पीपल, बरगद व नीम) के पाैधाें का रोपण किया। उन्होंने लघु फिल्म लॉन्च करने के बाद आंगनबाड़ी किट, पोषण पोटली व प्रमाण पत्र वितरित किए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने विधानसभा परिसर में ‘पौधरोपण महाअभियान’ के अंतर्गत चंपा के पौधे का रोपित किये। वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने अयोध्या-गोरखपुर तथा वन राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक ने आजमगढ़-गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हाेकर पाैधा राेपित किए। आज के दिन प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अलग अलग जिलों में पौधे रोपित किये।

प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर मिला रियल टाइम अपडेट बुधवार को हुए 'पौधरोपण महाभियान-2025' के अंतर्गत वन, रक्षा, रेलवे की भूमि, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेस वे, सड़क, नहर, रेल पटरी के किनारे, विकास प्रधिकरण, औद्योगिक परिसर, चिकित्सा संस्थान, शिक्षण संस्थान की भूमि, अन्य राजकीय भूमि, कृषकों की निजी भूमि, नागरिकों ने निजी परिसर में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया। सबसे अहम बात ये कि अभियान को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए वन विभाग की तरफ से एण्ड्रायड आधारित प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर रीयल टाइम अपडेट मिला।

इस अभियान काे लेकर मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश था कि पौधरोपण अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित ना रहे, बल्कि इसे लेकर पूरी पारदर्शिता और पौधों की प्रभावी मॉनीटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। यही कारण रहा कि इस साल भी पौधों की जियो टैगिंग की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। साथ ही वन विभाग ने भी टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग किया है। इस अभियान की पल-पल की रिपोर्ट https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर अपडेट होती रही।

मुख्यमंत्री ने जताया आभार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रदेशवासियों का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से की अपील कि आपने जो पौधा लगाया है, परिवार का सदस्य मानकर उसकी देखभाल करें। जब हर वृक्ष जीवित रहेगा, तब यह संकल्प सार्थक होगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महाअभियान-2025 के अंतर्गत एक ही दिन में 37 करोड़ से अधिक पौधरोपण कर उत्तर प्रदेश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह केवल पौधों की संख्या नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक संवेदना, जिम्मेदारी और कृतज्ञता की संख्या है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement