कोलकाता, 03 फरवरी । पश्चिम बंगाल में फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम सामान्य हो चला है। भले ही अब कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही हो, लेकिन सुबह और शाम के वक्त हल्की सर्दी का एहसास अब भी बना हुआ है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, धूप की तीव्रता बढ़ रही है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण फिलहाल दक्षिण बंगाल में मौसम ऐसा ही बना रहेगा, हालांकि यह सुहावना हालात ज्यादा दिनों तक टिकने वाले नहीं हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह दक्षिण बंगाल से सर्दी की विदाई लगभग तय है।
मंगलवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा। केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान फिलहाल 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मंगलवार को श्रीनिकेतन में न्यूनतम तापमान 11.6, झाड़ग्राम में 14.8, बांंकुड़ा में 13.0 और कल्याणी में 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखा जा रहा है, लेकिन सूरज निकलते ही आसमान साफ हो जा रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फरवरी के अंत तक कोलकाता का अधिकतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस होने लगेगा।
वहीं, उत्तर बंगाल में फिलहाल मौसम काफी सुखद बना हुआ है, हालांकि कोहरे का प्रभाव जारी है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। दार्जिलिंग के पहाड़ी इलाकों में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया है कि इस समय देश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं और आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के बनने की संभावना है। इसी वजह से बंगाल में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि अब नए सिरे से ठंड बढ़ने की कोई आशंका नहीं है।
