फतेहाबाद, 07 फरवरी । हरियाणा सशस्त्र पुलिस, मधुबन के पुलिस महानिरीक्षक ओपी नरवाल ने शनिवार को जिला फतेहाबाद का दौरा कर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए गठित दो पुलिस कंपनियों का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता, संसाधनों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। पुलिस लाइन फतेहाबाद पहुंचने पर पुलिस महानिरीक्षक ओपी नरवाल का पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्वागत किया। आईजीपी ओपी नरवाल ने पुलिस कंपनियों को निर्देश दिए कि सभी दंगा-निरोधक उपकरण पूर्णत: कार्यशील अवस्था में रखें जाएं तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से किसी भी गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से निपटने की तैयारियां सुदृढ़ रखी जाएं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, डीएसपी जगदीश चंद्र, डीएसपी संजय कुमार, डीएसपी कुलबंत सिंह, डीएसपी नरसिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आईजीपी को जिले में लागू सुरक्षा प्रबंधों, पुलिस बल की तैनाती तथा अपराध नियंत्रण हेतु किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।फतेहाबाद जिला में दो पुलिस कंपनियां सक्रियएसपी सिद्धांत जैन ने आईजीपी को बताया कि जिला फतेहाबाद में लॉ एंड ऑर्डर के लिए दो पुलिस कंपनियां सक्रिय हैं, प्रत्येक कंपनी में 107 अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। इसके अतिरिक्त, दो विशेष क्विक रिस्पांस टीमों का गठन भी किया गया है, जो शॉर्ट नोटिस पर तुरंत ड्यूटी के लिए उपलब्ध रहती हैं।
सभी कंपनियों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित है, जिसके अंतर्गत जवानों को विषम एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निरीक्षण उपरांत पुलिस लाइन स्थित सभागार में आईजीपी एचएपी मधुबन की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भंग करने के प्रयासों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों के मनोबल को बनाए रखने हेतु साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
