सर्वजन दवा सेवन अभियान का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

सर्वजन दवा सेवन अभियान का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

Date : 10-Feb-2026

 सारण, 10 फ़रवरी । जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सदर अस्पताल में आयोजित सर्वजन दवा सेवन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

जिलाधिकारी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन किया और समाज को एक संदेश दिया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित और आवश्यक है।

इस अवसर जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से इस व्यापक अभियान के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक ऐसी बीमारी है जिसे केवल बचाव के जरिए ही रोका जा सकता है। इसके लिए हमारी आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी घर-घर जाकर अपनी उपस्थिति में लोगों को तीन तरह की दवाएं खिलाएंगे।

जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिले के सभी 20 प्रखंडों के लिए विशेष प्रचार वाहनों को जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य कर्मियों, जीविका दीदियों और अन्य हितधारकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति छूट न जाए।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आम जनता से अपील की कि वे स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और दवाओं का सेवन उनके सामने ही करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइलेरिया का कोई इलाज नहीं है, इसलिए दवा का सेवन ही एकमात्र सुरक्षा चक्र है। दवा का सेवन कभी भी खाली पेट न करें, दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अत्यधिक बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जानी है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित कर सारण को फाइलेरिया मुक्त जिलों की श्रेणी में सबसे आगे लाना है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement