हिंसा प्रभावित उखरुल के लिटन में स्थिति शांतिपूर्ण, तनाव कायम | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

हिंसा प्रभावित उखरुल के लिटन में स्थिति शांतिपूर्ण, तनाव कायम

Date : 10-Feb-2026

 इंफाल, 10 फरवरी । मणिपुर के उखरूल जिलांतर्गत लिटन के आसपास के गांवों में कुछ घरों को हथियारबंद लोगों द्वारा जलाने के बाद हिंसा को रोकने के लिए क्षेत्र में कर्फ्यू लगाने और असर वाले इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कड़े कदम उठाये जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा सोशल मीडिया के जरिए आज दी गयी जानकारी के अनुसार, हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं, लेकिन इसे काफी हद तक काबू में कर लिया गया है। लिटन पुलिस थाना में ज्वाइंट कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, ताकि लिटन इलाकों में तैनात फोर्स के बीच जरूरी सुरक्षा उपायों को कोऑर्डिनेट और लागू किया जा सके तथा जानकारी शेयर और फैलाई जा सके। वरिष्ठ अधिकारी लिटन इलाके में कैंप कर रहे हैं और जमीनी हालात पर करीब से नजर रखे हुए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने बताया है कि फर्जी और गुमराह करने वाली जानकारी के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की गयी है। बताया गया है कि सारेइखोंग लिटन में आगजनी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और अग्निशमन को बुलाया गया। एक घंटे के बाद सेना की एक टीम भी मौके पर पहुंची। इसके तुरंत बाद स्थानीय युवाओं का एक ग्रुप इलाके में पहुंचा और सेना के जवानों से जाने की मांग की। जब सेना निर्दिष्ट स्थान थी तो युवाओं ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया और झूठे आरोप लगाए कि सुरक्षा बलों ने आग लगा दी है। ऐसी झूठी और शरारती जानकारी फैलाने वाले लोगों और सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पताल जाकर उखरुल जिले में हुई हिंसा में घायल व्यक्ति का हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री ने लड़ाई छोड़कर शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी समुदायों से संयम बरतने और तनाव न बढ़ाने की अपील की। खेमचंद सिंह ने कहा, “मैं समाज के सभी वर्गों से शांति और सद्भाव बनाए रखने का अनुरोध करता हूं। बातचीत और संयम ही तनाव कम करने का एकमात्र तरीका है।”

वहीं, दूसरी ओर सोमवार को उप मुख्यमंत्री लोसी दिखो, उखरुल के विधायक राम मुइवा और सैकुल के विधायक किमनियो हंसिंग हाओकिप ने हिंसा प्रभावित लिटन सारेखोंग इलाके का दौरा किया। वहां, एक दिन पहले, तांगखुल और कुकी समुदायों के बीच झड़पें हुई थीं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस घटना में 20 से ज़्यादा घरों में आग लगा दी गई। तीन गाड़ियां भी जला दी गईं। हिंसा के बाद इलाके में और उसके आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और नई अशांति को रोकने के लिए आदेश जारी किए गए हैं।

हिंसा के बाद दोनों समुदायों के डरे हुए निवासियों ने प्रभावित गांवों को छोड़ना शुरू कर दिया है। वे अपना ज़रूरी सामान पैक करके सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement