बांदा, 10 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इसको लेकर स्लिप रोड रोटरी निर्माण एवं सेफ्टी के कार्य कराए जा रहे हैं। लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से योगी सरकार इन चौराहों को चौड़ीकरण कर लोगों के लिए सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने का काम कर रही है। वहीं रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए चौराहों पर ब्रेकर, डिवाइडर व अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर कार्य किए जा रहे हैं।
शहर के महोखर बाईपास चौराहा, महाराजा खेत सिंह खंगार चौराहा, अतर्रा रोड बाईपास चौराहा व बांदा-नरैनी बाईपास चौराहे पर तेजी से कार्य लोक निर्माण विभाग के द्वारा कराया जा रहा है और आने वाले कुछ महीनो में यह चौराहे पूरी तरह से बना दिए जाएंगे। जिसके बाद लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
बांदा बाईपास के महोखर चौराहे पर चौड़ीकरण के लिए स्लिप रोड रोटरी निर्माण एवं रोड सेफ्टी का कार्य 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से जा रहा है। वहीं 83 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा शहर के खेत सिंह खंगार चौराहे पर भी चौड़ीकरण के लिए स्लिप रोड रोटरी निर्माण एवं रोड सेफ्टी का कार्य 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। यहां पर लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं बांदा नरैनी मार्ग एवं बांदा बाईपास मार्ग के तिराहे के चौड़ीकरण के लिए स्लिप रोड रोटरी निर्माण एवं रोड सेफ्टी का कार्य 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है और यह कार्य भी 85 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही अतर्रा रोड एवं बाईपास के चौराहे पर चौड़ीकरण हेतु स्लिप रोड रोटरी निर्माण एवं रोड सेफ्टी का कार्य 2 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है और लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इन सभी कार्यों को मार्च माह में पूरा करने का लक्ष्य है जिसको लेकर तेजी से कार्य किया जा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार पांडे ने मंगलवार बताया कि बांदा शहर के प्रमुख चौराहों पर चौड़ीकरण का कार्य शासन स्तर पर करवाया जा रहा है। रोड सेफ्टी को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए ये सभी कार्य करवाए जा रहे हैं ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों का इन चौराहों से आवागमन व सुरक्षित हो।
