हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, ठंड बढ़ी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, ठंड बढ़ी

Date : 10-Feb-2026

 शिमला, 10 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ले ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में बीती रात से बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने आज पूरा दिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश-बर्फबारी, आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दिन 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी का दौर जारी है। हिल स्टेशन शिमला और मनाली सहित मध्य व मैदानी क्षेत्रों में सुबह से बादलों का डेरा बना हुआ है। इससे ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

तापमान में गिरावट का असर खास तौर पर ऊंचाई वाले जिलों में देखने को मिल रहा है। राज्य के सबसे ठंडे स्थानों में लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 8.5 डिग्री सेल्सियस, कुकुमसेरी में माइनस 4.2 डिग्री, और किन्नौर के कल्पा में माइनस 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। इन इलाकों में भीषण सर्दी का दौर जारी है और कई स्थानों पर पानी जम चुका है।

अन्य क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मनाली में 3.2 डिग्री, सोलन में 4.6 डिग्री, भुंतर में 5.5 डिग्री, शिमला में 5.6 डिग्री, धर्मशाला में 6.2 डिग्री, मंडी में 7.6 डिग्री, बिलासपुर में 8.5 डिग्री, नाहन में 8.7 डिग्री, पालमपुर और पांवटा साहिब में 10-10 डिग्री, जबकि देहरा गोपीपुर में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों और हवाओं के कारण महसूस की जाने वाली ठंड वास्तविक तापमान से अधिक है।

प्रदेश के कुछ मैदानी जिलों में कोहरे का असर भी देखने को मिला। बिलासपुर में बहुत घना कोहरा रहने से सुबह दृश्यता घटकर करीब 20 मीटर रह गई, जबकि मंडी में दृश्यता लगभग 100 मीटर दर्ज की गई। इससे सुबह के समय सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा और इसी कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। हालांकि 11 से 15 फरवरी के बीच मौसम के ज्यादातर हिस्सों में साफ रहने का अनुमान है। इसके बाद 16 फरवरी को एक और सिस्टम के प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement