नई दिल्ली, 13 फरवरी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय शनिवार को यहां के विज्ञान भवन में 'कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन (एसएचई-बॉक्स)' का आयोजन कर रहा है। सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के साथ समिति के अध्यक्षों और सदस्यों, नोडल अधिकारियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, उद्योगपतियों, नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार इस कार्यक्रम में उद्घाटन सत्र, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन, शी-बॉक्स लोगो का अनावरण, राष्ट्रव्यापी पोश प्रशिक्षण वीडियो, सूचना एवं संचार एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईईसी) सामग्री और कर्मयोगी भारत पर उपलब्ध पोश प्रशिक्षण तक प्रत्येक नागरिक की पहुंच शामिल होगी।
सम्मेलन का उद्देश्य कार्य क्षेत्र में महिलाओं के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और उत्पीड़न-मुक्त कार्यस्थलों के निर्माण को सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने और कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के कार्यान्वयन को मजबूत करना है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सभी को राष्ट्रीय कार्यस्थल सुरक्षा की शपथ दिलाएंगी। प्रमुख सत्रों में कार्यस्थल सुरक्षा अनुपालन और संस्कृति को सुदृढ़ करने पर एक राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन शामिल होगा, जिसमें असंगठित क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, कार्यस्थल सुरक्षा पर वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं पर चर्चा करने के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और बहुपक्षीय संस्थानों के साथ एक अंतर्राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 29 अगस्त 2024 को शी-बॉक्स पोर्टल को एक सुरक्षित, उपयोगकर्ता के अनुकूल, बहुभाषी एकल-खिड़की प्लेटफॉर्म के रूप में शुभारंभ किया, जिसमें सख्त गोपनीयता बरती जाती है। यह ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने संबंधित आंतरिक या स्थानीय समिति को स्वचालित रूप से अग्रेषित करने और वास्तविक समय में ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करता है, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ाया जा सके और हितधारकों को पोश अधिनियम के प्रभावी कार्यान्वयन में सहायता मिल सके।
यह पोर्टल एक संसाधन केंद्र के रूप में भी कार्य करता है और कार्यस्थलों को समिति के विवरण, वार्षिक रिपोर्ट और जागरूकता एवं प्रशिक्षण पहलों सहित अनुपालन संबंधी जानकारी अपलोड करने में सक्षम बनाता है।
