चित्तौड़गढ़, 13 फ़रवरी । चित्तौड़गढ़ सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने लोकसभा में नियम 377 के तहत एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय उठाते हुए चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र के श्रमिकों एवं उनके परिवारों के हित में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) अस्पताल की क्षमता बढ़ाने की मांग रखी।
सांसद सीपी जोशी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अंतर्गत 30 बेड के अस्पताल की स्वीकृति जारी की गई है, जो क्षेत्र के श्रमिकों के लिए एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां सीमेंट, जिंक, खनन, मार्बल एवं अन्य बड़े उद्योग स्थापित हैं। इन उद्योगों में हजारों की संख्या में श्रमिक एवं कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनके साथ-साथ उनके आश्रित परिवारजनों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं की अत्यधिक आवश्यकता रहती है। वर्तमान में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर इलाज के लिए कई बार दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे समय, संसाधन और आर्थिक भार बढ़ता है। सांसद सीपी जोशी ने कहा कि श्रमिक वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके स्वास्थ्य व कल्याण के लिए मजबूत चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। चित्तौड़गढ़ में ईएसआईसी अस्पताल की क्षमता बढ़ाए जाने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और श्रमिक परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि चित्तौड़गढ़ के औद्योगिक महत्व एवं श्रमिकों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम के 100 बेड के अस्पताल की स्वीकृति शीघ्र जारी की जाए।
