पुणे-गोरखपुर के बीच आज से चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, दो माह तक प्रतिदिन होगा संचालन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पुणे-गोरखपुर के बीच आज से चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, दो माह तक प्रतिदिन होगा संचालन

Date : 15-May-2026

 भोपाल, 15 मई । रेलवे द्वारा पुणे-गोरखपुर के बीच आज शुक्रवार से समर स्पेशल ट्रेन की शुरू हो रही है। इस ट्रेन का संचालन दो माह तक प्रतिदिन होगा और यह पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी, रानी कमलापति और बीना स्टेशन पर रुकेगी। इससे भोपाल, विदिशा, सीहोर, इटारसी और आसपास के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की यात्रा में राहत मिलेगी।

भोपाल रेल मंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रेलवे ने गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए पुणे और गोरखपुर के बीच प्रतिदिन समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इनमें पुणे-गोरखपुर समर स्पेशल 15 मई से 15 जुलाई तक और गोरखपुर-पुणे समर स्पेशल 16 मई से 16 जुलाई तक प्रतिदिन चलेगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01415 पुणे-गोरखपुर समर स्पेशल ट्रेन सुबह 6:50 बजे पुणे से रवाना होकर रात 9:10 बजे इटारसी, रात 11:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन तथा अगले दिन रात 1:25 बजे बीना पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01416 गोरखपुर-हड़पसर (पुणे) समर स्पेशल शाम 5:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे बीना, 10:30 बजे रानी कमलापति और दोपहर 12:10 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन सुबह 3:15 बजे हड़पसर (पुणे) पहुंचेगी।

रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में दौंड कार्ड लाइन, अहिल्यानगर जंक्शन (अहमदनगर), कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खण्डवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेन्ट्रल, लखनऊ, गोंडा एवं बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सेकंड एसी, एसी थर्ड, स्लीपर और सामान्य श्रेणी सहित कुल 18 कोच रहेंगे।

रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में मदद मिलेगी और गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रा आसान होगी। यात्रियों के लिए ट्रेन की टाइमिंग और सीट उपलब्धता की जानकारी रेलवे की वेबसाइट और हेल्पलाइन 139 पर उपलब्ध रहेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement