मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 40 जिलों में चलेंगी गर्म हवाएं, पांच जिलों में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 40 जिलों में चलेंगी गर्म हवाएं, पांच जिलों में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट

Date : 15-May-2026

 भोपाल, 15 मई  । मध्य प्रदेश में गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कुछ इलाकों को छोड़कर अधिकांश जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। अगले चार दिनों तक प्रदेश में तेज गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को करीब 40 जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जबकि इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में 15 से 17 मई तक तीव्र लू चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा। उन्होंने लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। गुरुवार को भी प्रदेशभर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। शाजापुर और छतरपुर के नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री तथा रायसेन और दमोह में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार जिलों में तीव्र लू के साथ वॉर्म नाइट का भी अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में भी लू चलने की संभावना है।

वहीं, जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मंडला, बालाघाट, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल सहित कई जिलों में तेज गर्मी बनी रहेगी, हालांकि वहां लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेश में अप्रैल के आखिरी दिनों से आंधी और बारिश का दौर बना हुआ था। 30 अप्रैल से शुरू हुआ मौसम का बदलाव 10 मई तक जारी रहा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। मई के 14 दिनों में से 12 दिन प्रदेश में कहीं न कहीं बारिश, आंधी या ओले गिरने की स्थिति बनी रही। हालांकि शुक्रवार के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement