उत्तराखंड के पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उत्तराखंड के पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

Date : 15-May-2026

 देहरादून, 15 मई। उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटो में राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, गर्जन और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 15 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गर्जन की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 से 19 मई तक अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि 20 और 21 मई को फिर से ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से सामान्य के बीच दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहा। विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है। इसके बाद आगामी 4 से 5 दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

देहरादून में शुक्रवार को आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित होने की संभावना भी है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली संचालन करने वाली वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों से कटाई की गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement