परमट स्कूल शिलान्यास से पहले सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी के घर के बाहर भारी पुलिस बल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

परमट स्कूल शिलान्यास से पहले सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी के घर के बाहर भारी पुलिस बल

Date : 15-May-2026

 कानपुर, 15 मई । उत्तर प्रदेश के कानपुर जिला मुख्यालय पर परमट स्थित प्राथमिक स्कूल में प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर सियासी तनाव बढ़ गया है। शुक्रवार को होने वाले भूमि पूजन से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक अमिताभ बाजपेयी के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घर के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर रास्तों को बंद कर दिया गया है। विधायक ने देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कर पुलिस व्यवस्था को “छावनी जैसा माहौल” बताया।

परमट प्राथमिक स्कूल के पुनर्निर्माण को लेकर पिछले कई दिनों से सपा और भाजपा समर्थकों के बीच तनातनी चल रही है। बुधवार को भी कार्यक्रम को लेकर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी हुई थी। शुक्रवार को प्रस्तावित शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। ग्वाल टोली स्थित परमट इलाके में स्कूल के आसपास भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि उन्होंने किसी विशेष तैयारी की योजना नहीं बनाई थी। तय मुहूर्त के अनुसार पत्नी के साथ जाकर भूमि पूजन करने वाले थे। उनका कहना है कि स्कूल का जीर्णोद्धार उनकी विधायक निधि से कराया जा रहा है। वह अपनी विधानसभा के कार्यक्रम में शामिल होने से पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने बताया कि सुबह से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के लगातार फोन आ रहे हैं। अधिकारियों की ओर से उन्हें कहा गया कि यदि वह कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे तो स्थिति बिगड़ सकती है। इस पर विधायक ने कहा कि वह डरकर अपनी विधानसभा में जाना नहीं छोड़ेंगे। यदि पुलिस उन्हें रोकेगी तो वह वर्चुअल माध्यम से ही पूजा में शामिल होने का प्रयास करेंगे।

देर रात वायरल किए गए वीडियो में विधायक ने अपने घर के बाहर लगी बैरिकेडिंग, तैनात पुलिसकर्मियों और बंद रास्तों को दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम में जाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को एहतियाती कदम बताया जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement