दक्षिण बंगाल में बढ़ेगी उमस, उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दक्षिण बंगाल में बढ़ेगी उमस, उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

Date : 15-May-2026

 कोलकाता, 15 मई । पश्चिम बंगाल में भीषण उमस और गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। सुबह से ही तेज धूप और भारी उमस के कारण असहजता का सामना करना पड़ रहा है। जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, उमस भरी गर्मी से परेशानी और बढ़ती जा रही है।

इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक राहत की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आकाश आंशिक रूप से मेघाच्छन्न रह सकता है और दोपहर या शाम के समय गरज वाले बादल बनने की संभावना है, हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम बताई गई है।

दक्षिण बंगाल में गर्मी के साथ उमस जनित असुविधा और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्दवान, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पुरुलिया जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या वज्रपात के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं, अगले कुछ दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।

इसके विपरीत उत्तर बंगाल में स्थिति अलग रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार समेत लगभग सभी जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। उत्तर बंगाल के आठ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी हो सकती है।

हालांकि तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27.9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में अधिक नमी के कारण उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 93 प्रतिशत और न्यूनतम लगभग 48 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत में भी मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार को पुरुलिया, बांकाुरा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं रविवार को मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि उमस से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम बताए गए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement