हर्ष मल्होत्रा: भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष से दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तक का सफर | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

हर्ष मल्होत्रा: भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष से दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तक का सफर

Date : 28-May-2026

 नई दिल्ली, 28 मई । भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मल्होत्रा अब वीरेंद्र सचदेवा का स्थान लेंगे, जो अब तक दिल्ली भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

दिल्ली भाजपा में पिछले कई महीनों से संगठनात्मक बदलाव की चर्चा चल रही थी। पिछले वर्ष जुलाई में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर दिल्ली के भाजपा सांसदों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से राय ली थी। यह भी चर्चा थी कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का नाम तय हो जाएगा, हालांकि बाद में यह फैसला टल गया था।

मल्होत्रा वर्तमान में केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली बार पूर्वी दिल्ली सीट से निर्वाचित हुए थे। भाजपा ने उन्हें पूर्व क्रिकेटर और तत्कालीन सांसद गौतम गंभीर के स्थान पर उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार को 93,663 मतों के अंतर से हराया। हर्ष मल्होत्रा को 6,64,819 वोट मिले, जबकि कुलदीप कुमार को 5,71,156 मत प्राप्त हुए।

पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में हर्ष मल्होत्रा की मजबूत पकड़ मानी जाती है। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पूर्वी दिल्ली में उनके समर्थन में चुनाव प्रचार किया था और जनता से उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की थी। भाजपा ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी और मल्होत्रा की जीत को संगठनात्मक मजबूती का परिणाम माना गया।

मल्होत्रा का राजनीतिक सफर वर्ष 1984 में भारतीय जनता युवा मोर्चा से शुरू हुआ। छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से विज्ञान में स्नातक करने के बाद उन्होंने वर्ष 1987 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। भाजपा संगठन में उन्होंने युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, जिला युवा मोर्चा सचिव, जिला संगठन महामंत्री और जिला अध्यक्ष जैसे कई दायित्व संभाले।

वर्ष 2005 में उन्हें नवीन शाहदरा जिले का संगठन महामंत्री बनाया गया और 2007 में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यशैली के कारण उन्हें भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीबी नेताओं में गिना जाता है।

नगर निगम राजनीति में उनका प्रवेश वर्ष 2012 में हुआ, जब वे वेलकम वार्ड से पार्षद निर्वाचित हुए। पूर्वी दिल्ली नगर निगम में उन्हें शिक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान उन्होंने निगम स्कूलों के करीब 60 हजार बच्चों के लिए सुपोषण अभियान शुरू किया, जिसका उद्देश्य कुपोषण के खिलाफ काम करना था। निगम स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल भी उनके कार्यकाल में शुरू हुई।

वर्ष 2015-16 में हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर बने। महापौर के रूप में उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल पर जोर दिया। कचरे से बिजली बनाने और निर्माण मलबे के पुनर्चक्रण जैसी परियोजनाओं की शुरुआत भी उनके कार्यकाल में हुई। उन्हें नई पहल करने वाले नेता के रूप में भी देखा जाता है।

सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता रही है। वह दधीचि देहदान समिति के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। संगठन और जनसंपर्क में उनकी पकड़ के कारण भाजपा ने उन्हें दिल्ली संगठन में महासचिव और प्रशिक्षण विभाग जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दीं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement