Quote :

कानून का सम्मान करना आवश्यक है, ताकि हमारा लोकतंत्र मजबूत बना रहे - लाल बहादुर शास्त्री

Science & Technology

29 भाषाओं में YouTube चैनल होगा लॉन्च, Google और NCERT की साझेदारी

Date : 10-Dec-2024

गूगल ने भारत में शिक्षा के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए NCERT के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी की है। इस सहयोग के तहत NCERT 29 भारतीय भाषाओं में YouTube चैनल लॉन्च करेगा, जिसमें इंडियन साइन लैंग्वेज को भी शामिल किया जाएगा। यह चैनल कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए उपयोगी होगा।

इसके अलावा, गूगल ने NPTEL के साथ मिलकर विभिन्न विषयों पर प्रमाणित पाठ्यक्रम भी शुरू किए हैं, जिन्हें YouTube के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों को पूरा करने पर छात्रों को IIT से सर्टिफिकेट प्राप्त करने का मौका मिलेगा।

गूगल का यह कदम पूरे भारत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच को आसान बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। गूगल और नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) की यह रणनीतिक साझेदारी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को आकर्षक और सुलभ शैक्षिक सामग्री प्रदान करके सशक्त बनाएगी।

YouTube लर्निंग के प्रोडक्ट मैनेजमेंट डायरेक्टर जोनाथन कैट्ज़मैन ने अपने ब्लॉग पोस्ट में लिखा, "लर्निंग हमेशा YouTube का केंद्र रहा है। भारत जैसे देश में, जहां सुलभ शिक्षा को बढ़ावा देना देश की क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है, YouTube नवाचारपूर्ण साझेदारियों, उपकरणों और संसाधनों के माध्यम से शैक्षिक सामग्री को और अधिक सुलभ बनाने में योगदान दे सकता है।

NCERT लॉन्च करेगा YouTube चैनल्स

इस पहल के तहत, NCERT जल्द ही कई YouTube चैनल लॉन्च करेगा, जो कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को कवर करेंगे। ये चैनल भारतीय सांकेतिक भाषा समेत 29 भारतीय भाषाओं में शैक्षिक सामग्री प्रदान करेंगे, जिससे छात्रों के लिए शिक्षा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाया जाएगा।

Google और NPTEL की साझेदारी

गूगल ने YouTube पर प्रमाणित पाठ्यक्रमों को शुरू करने के लिए नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी एनहैंस्ड लर्निंग (NPTEL) के साथ साझेदारी की है। इस प्रयास का उद्देश्य विज्ञान, साहित्य, खेल, मनोविज्ञान, और रॉकेट साइंस जैसे विविध विषयों के पाठ्यक्रमों तक छात्रों की पहुंच बढ़ाना है।

कैट्जमैन ने बताया, "इस पहल के माध्यम से IIT प्रणाली के बाहर के लोग भी NPTEL के YouTube चैनल पर पाठ्यक्रम कर सकते हैं और NPTEL-SWAYAM पोर्टल पर ऑनलाइन सर्टिफिकेशन पूरा करके IIT से प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले महीनों में और अधिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने आगे बताया, "AI की मदद से, हम वीडियो में शामिल अवधारणाओं की पहचान करते हैं और उन अवधारणाओं की परिभाषाएं वेब से उपलब्ध कराते हैं। यह सुविधा बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में विशेष रूप से उपयोगी है। हम वीडियो ट्रांसक्रिप्ट और संबंधित मेटाडेटा के आधार पर Google के नॉलेज ग्राफ से परिभाषाएं और इमेज भी उपलब्ध कराते हैं।"

YouTube और NCERT की यह साझेदारी छात्रों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि आज के समय में पढ़ाई के लिए YouTube का उपयोग बड़े पैमाने पर किया जा रहा है।

 

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement