मप्र में भारत जोड़ो यात्रा में परिवार के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी हुईं शामिल | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

मप्र में भारत जोड़ो यात्रा में परिवार के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी हुईं शामिल

Date : 24-Nov-2022

खंडवा, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को सुबह करीब छह बजे खंडवा जिले के ग्राम बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई। यात्रा में राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी कदम ताल करते हुए चल रही हैं। यात्रा में प्रियंका के बेटे रेहान और पति राबर्ट वाड्रा भी शामिल हैं। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी यात्रा में शामिल हुए हैं।

भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में गुरुवार को दूसरा दिन है। ग्राम बोरगांव बुजुर्ग से शुरू होकर यात्रा करीब आठ किलोमीटर चलकर सुबह आठ बजे ग्राम कुमठी पहुंची। यहां गुरुकृपा फैमिली रेस्टारेंट पर राहुल गांधी समेत सभी लोगों ने चाय-नाश्ता किया। यहां हरदा जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंच लगाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यहां प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों से आए कलाकारों ने महात्मा गांधी की वेशभूषा में अपनी पारम्परिक प्रस्तुतियां देकर राहुल गांधी का स्वागत किया।

इसके बाद यात्रा ग्राम रुस्तमपुर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा पर फूलों की वर्षा की। ग्राम रुस्तमपुर में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने गांव से गुजरते हुए सड़क किनारे उन्हें देखने के लिए खड़ी मजदूर पेशा परिवार की बातचीत की। उन्हें अपने काफिले के अंदर बुलाकर गले में हाथ डाल कर दोनों भाई बहनों ने उससे चर्चा की। यहां दोनों ने एक किशोर से मुलाकात करते हुए भविष्य के संबंध में उसके विचार जाने। इसके बाद दोनों कालेज में पढ़ने वाली प्रियंका राजपूत नामक युवती से मिले और भारत जोड़ो यात्रा का कार्ड दिया। युवती ने बताया कि मेरा नाम भी प्रियंका है, तो प्रियंका वाड्रा ने उससे हाथ भी मिलाया।

इसके बाद रुस्तमपुर से जनता का अभिवादन करते हुए यात्रा आगे बढ़ी और ग्राम दुल्हार पहुंची। यहां यात्रा का विश्राम है, जहां यात्रा से जुड़े सभी लोग दोपहर का भोजन कर कुछ देर विश्राम करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा व अन्य वरिष्ठ नेता नेता टंट्या मामा के स्मारक पहुंचेंगे और पुष्प अर्पित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement