राष्ट्रपति मुर्मू 28 नवंबर को लखनऊ में दो बडे़ कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रपति मुर्मू 28 नवंबर को लखनऊ में दो बडे़ कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा

Date : 27-Nov-2025

लखनऊ, 27 नवंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 6 घंटे के प्रवास पर रहेंगी। मुर्मु लखनऊ में भारत स्काउट एवं गाइड की डायमंड जुबली-19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के समापन समारोह और ब्रह्मकुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र के राज्य स्तरीय अ​भियान के शुभारंभ समाराेह में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए शासन—प्रशासन अलर्ट है। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विशेष विमान से शुक्रवार 28 नवंबर को सुबह साढ़े ग्यारह बजे लखनऊ पहुंचेंगी। राष्ट्रपति यहां से सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान पहुंचेंगी। यहां संस्थान के गुलजार उपवन में राजयोग ट्रेनिंग सेंटर में विश्व एकता एवं विश्वास के लिए ध्यान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। संस्थान के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी ब्रह्माकुमार डॉ. मृत्युंजय ने बताया कि वैश्विक परिदृश्य में दुनिया को सबसे ज्यादा विश्व एकता और विश्वास की जरूरत है। इसी को देखते हुए इस वर्ष ब्रह्माकुमारीज़ ने वार्षिक थीम विश्व एकता एवं विश्वास के लिए ध्यान पर रखी है। डॉ मृत्युंजय ने बताया कि इस थीम के तहत संस्थान के विश्व के 140 देशों में स्थित 8 हजार से अधिक सेवाकेंद्रों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजयोगिनी संतोष दीदी सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, राजयोग प्रशिक्षक व अनेक सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां शामिल होंगी।

तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति ब्रह्मकुमारीज के कार्यक्रम के बाद राजभवन जाएंगी। यहां से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपराह्न दो बजे लखनऊ की वृंदावन कालोनी में डिफेंस एक्सपो स्थल पर आयोजित भारत स्काउट गाइड के 19वीं नेशनल जंबूरी के समापन समारोह में शामिल होंगी। भारत स्काउट गाइड के इस कार्यक्रम में देश—विदेश के 30 हजार से अधिक प्रतिभागी 23 नवंबर से तरह—तरह के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सांस्कृतिक, शैक्षिक के अलावा साहसिक कार्यक्रम भी शामिल हैं।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम काे लेकर लखनऊ पुलिस अलर्ट

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रमों को देखते हुए कार्यक्रम स्थलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही राजभवन, अमाैसी एयरपाेर्ट और कार्यक्रम स्थलाें के आसपास के कई इलाकों में यातायात परिवर्तित किया गया है। यह यातायात परिवर्तन आज गुरुवार की शाम आठ बजे से शुरु होकर उनके प्रस्थान तक जारी रहेगा। हालांकि आपातकालीन सेवा एम्बुलेंस आदि के लिए डायवर्जन लागू नहीं रहेगा। इन वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर निकाला जाएगा। प्रशासन ने लाेगाें से कहा ​है कि इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement