देहरादून, 28 नवंबर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेधशन का आज इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ एस सोमनाथ ने शुक्रवार दोपहर दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने अभाविप के थीम सांग भी लॉन्च किया। इसरो के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र की शक्ति युवाओं में निहित होती है, युवा जिस दिशा में जाता है, उस दिशा में राष्ट्र जाता है। इसलिए युवाओं को चरित्र, धैर्य, अनुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि 21वीं शताब्दी में भारत अपने ज्ञान के आधार पर विश्व का नेतृत्व कर रहा है और आने वाला भारत, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, संस्कार के आधार पर विश्व के शीर्ष पर स्थापित होगा।
देहरादून स्थित परेड ग्राउंड पर बसाए गए अस्थायी भगवान बिरसा मुंडा नगर के जनरल विपिन रावत सभागार में गढ़वाल-कुमांऊ के वाद्य यंत्रों की घमक, शंख ध्वनि के बीच इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ सोमनाथ ने अभाविप के राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस मौके पर उनके साथ अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, स्वागत समिति के अध्यक्ष कमल घनसाला, अभाविप के उत्तराखंड के नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष डॉ जेपी भट्ट, राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, स्वागत समिति के महामंत्री रमेश गड़िया और प्रांत मंत्री ऋषभ रावत भी मौजूद रहे।
गुनगुनी धूप और खुशनूमा माहौल में अधिवेशन के शुभारंभ पर इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ सोमनाथ ने अभाविप के पदाधिकारियों व कार्यकर्ता छात्र-छात्रओं को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संगठित युवाओं में देश को बदलने की क्षमता है व समय आने की प्रतीक्षा नहीं करता बल्कि समय को अपने अनुकूल ढाल लेता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हर चुनौती का सामना करने के लिए अडिगता से कर्त्तव्य पथ पर आगे बढ़ रहा है। न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में युवा आगे बढ़ा रहा है बल्कि आपदाओं में भी लोगों की मदद के लिए हमेशा कार्य करता रहा है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान ही शक्ति है और ज्ञान के आधार पर भारत लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है। क्वांटम कंप्यूटर, एआई, ड्रोन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष के क्षेत्र में आज भारत आत्मनिर्भर है। आयुध के क्षेत्र में ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत का दमखम देखा और अत्याधुनिक हथियारों से भारत आज लैस है। वर्ष 2047 में भारत महान शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उद्योग, आर्थिक क्षेत्र, अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनने के साथ ही भारत विश्व के शीर्ष पर स्थापित होगा और इसमें युवाओं का अहम योगदान होगा। उन्होंने कहा कि 21वीं शताब्दी में भारत अपने ज्ञान के आधार पर विश्व का नेतृत्व कर रहा है और आने वाला भारत, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, संस्कार के आधार पर विश्व के शीर्ष पर स्थापित होगा।
इससे पूर्व अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सोलंकी ने कहा कि आज अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है और विदेशों में भी परिषद का कार्य तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 76 लाख से अधिक विद्यार्थी परिषद से जुड़ कर राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल, फार्मा, इंजीनियरिंग के साथ ही 900 से अधिक शैक्षिक संस्थाओं में विद्यार्थी परिषद छात्रों के हित के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान विद्यार्थी परिषद ने ही जनजागरण का कार्य किया और सरकार को 22 माह में आपातकाल वापस लेना पड़ा। मात्र यहीं नहीं 18 वर्ष में मतदान के अधिकार के लिए भी परिषद ने ही संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि भारत में ऐसा कोई कोना नहीं है, जहां अभाविप कार्य नहीं कर रहा है। यहां तक की नार्थ ईस्ट में भी परिषद सक्रिय है। लेह-लदाख के छात्रों के लिए शेरू यात्रा पुनः आरंभ कर दी गई और सुदूर लेह-लदाख के छात्र आज भारत भ्रमण कर रहे हैं। कार्यक्रम को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ एस रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, स्वागत समिति के अध्यक्ष कमल घनसाला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में स्वागत समिति के महामंत्री रमेश गडिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री धन सिंह रावत, गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र, प्रचारक प्रमुख जगदीश, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
