वोट ऑन अकाउंट बजट आज: लक्ष्मी भंडार समेत कई योजनाओं पर बढ़ सकती है राशि, सभी की निगाहें ममता सरकार के ऐलान पर | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

वोट ऑन अकाउंट बजट आज: लक्ष्मी भंडार समेत कई योजनाओं पर बढ़ सकती है राशि, सभी की निगाहें ममता सरकार के ऐलान पर

Date : 05-Feb-2026

 कोलकाता, 06 फरवरी ।

पश्चिम बंगाल विधानसभा के सत्रहवें कार्यकाल और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तीसरी तृणमूल सरकार का आज, गुरुवार को अंतिम वोट ऑन अकाउंट बजट पेश किया जा रहा है। दोपहर ढाई बजे राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य बजट प्रस्तुत करेंगी। इससे पहले साढ़े बारह बजे राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस विधानसभा में अपना भाषण देंगे। राज्यपाल के भाषण और बजट प्रस्तुति, दोनों मौकों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सदन में मौजूद रहने की संभावना है।

हालांकि यह वोट ऑन अकाउंट बजट है, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले होने के कारण आम लोगों की उम्मीदें इससे जुड़ गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस बजट में लक्ष्मी भंडार योजना की राशि बढ़ाने सहित राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए भी कई राहतभरी घोषणाएं हो सकती हैं। इसके अलावा ‘बांग्लार बाड़ी’, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और विभिन्न सामाजिक योजनाओं को लेकर भी बड़े ऐलान की संभावना जताई जा रही है।

जानकारों का कहना है कि सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, सूक्ष्म और मध्यम उद्योग जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त बजट आवंटन की घोषणा भी वित्त मंत्री कर सकती हैं। इसी वजह से, वोट ऑन अकाउंट होने के बावजूद आम जनता के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी बजट को लेकर खासा उत्साह और दिलचस्पी है।

परिषदीय विभाग के सूत्रों के अनुसार, बजट पेश होने से पहले दोपहर डेढ़ बजे मुख्यमंत्री के कक्ष में मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें वोट ऑन अकाउंट बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद मंत्रिमंडल की उद्योग संबंधी उच्चाधिकार समिति की बैठक भी प्रस्तावित है। फिर दोपहर ढाई बजे राज्य की पहली महिला वित्त मंत्री के तौर पर चंद्रिमा भट्टाचार्य बजट पेश करेंगी।

विधानसभा सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार और सोमवार, जो इस सत्र का अंतिम दिन होगा, वोट ऑन अकाउंट बजट पर चर्चा सहित कुल तीन दिन मुख्यमंत्री के सदन में मौजूद रहने की संभावना है। वहीं, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी आनंदपुर अग्निकांड और गोलपार्क बमबाजी की घटनाओं को लेकर सदन में जोरदार विरोध की तैयारी में है। इसके जवाब में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सभी 217 तृणमूल विधायकों को हर दिन सदन में शुरुआत से अंत तक उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है, और स्वयं मुख्यमंत्री विधायकों की उपस्थिति पर नजर रख सकती हैं।

शुक्रवार सुबह 11 बजे विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दे पर आम लोगों को कथित रूप से परेशान किए जाने के सवाल को लेकर संसदीय नियम 169 के तहत प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के भाषण पर दो घंटे की चर्चा होगी। सात फरवरी, शनिवार को एक घंटे के लिए राज्य सरकार के एक वस्तु संबंधी विधेयक पर चर्चा और अंत में वोट ऑन अकाउंट बजट पर दो घंटे की बहस प्रस्तावित है। इस अंतिम दिन भी मुख्यमंत्री के चर्चा में भाग लेने की संभावना जताई जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement