कैथल : एचपीएससी ने युवाओं पर थोपी ‘रिजेक्शन पॉलिसी’: सुरजेवाला | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कैथल : एचपीएससी ने युवाओं पर थोपी ‘रिजेक्शन पॉलिसी’: सुरजेवाला

Date : 06-Feb-2026

 कैथल, 06 फ़रवरी । कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार और हरियाणा लोक सेवा आयोग पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को जारी बयान में सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने युवाओं को नौकरी देने के लिए ‘सिलेक्शन पॉलिसी’ नहीं, बल्कि उन्हें बाहर करने के लिए ‘रिजेक्शन पॉलिसी’ लागू कर रखी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने एचपीएससी को अब ‘हेरा फेरी सर्विस कमीशन’ बना दिया है।

पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती का उदाहरण देते हुए सुरजेवाला ने कहा कि 2019 में शुरू हुई यह प्रक्रिया 2026 में आकर युवाओं के लिए काल बन गई है। 1,711 पदों के लिए हजारों युवाओं ने आठ साल तक अपना समय, पैसा और सेहत दांव पर लगाई, लेकिन परिणाम आने पर अधिकांश को फेल घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5,000 से अधिक योग्य उम्मीदवारों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सुरजेवाला ने कहा कि एक तरफ नायब सैनी ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे आयोजनों पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे हरियाणा के युवाओं को उच्च पदों के लिए रोजगार योग्य मानने से ही इनकार कर रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार का दोहरा चरित्र करार दिया।

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा के युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हक को इस तरह छीनने नहीं दिया जाएगा और इस ‘रिजेक्शन पॉलिसी’ के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री को जवाब देना होगा कि आखिर हरियाणा का युवा उनकी नजर में अयोग्य क्यों है?


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement