नई दिल्ली, 17 फरवरी । महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती हवाई अड्डे के पास 28 जनवरी को मौत होने के बाद विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मंगलवार को महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। एएआईबी ने दुर्घटनाग्रस्त हुए ‘लीयरजेट 45’ विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी है।
बारामती में हुए लियरजेट 45 (वीटी-एसएसके) दुर्घटना की जांच को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि इस विमान में दो स्वतंत्र उड़ान रिकॉर्डर लगे हुए थे। दुर्घटना के दौरान दोनों रिकॉर्डर लंबे समय तक तीव्र गर्मी के संपर्क में रहे और आग से क्षतिग्रस्त हो गए। मंत्रालय के मुताबिक डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) को एएआईबी फ्लाइट रिकॉर्डर प्रयोगशाला में सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है।कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) की भी विस्तृत तकनीकी जांच चल रही है। डेटा पुनर्प्राप्ति में विशेष सहायता के लिए निर्माता देश के मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि से संपर्क किया गया है।
मंत्रालय के मुताबिक एएआईबी एक व्यापक, निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी निर्धारित तकनीकी और प्रक्रियात्मक प्रोटोकॉल का पूरी निष्ठा से पालन कर रहा है। ब्यूरो पारदर्शिता के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और जांच के उचित चरण में आगे की जानकारी साझा करेगा। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने सभी हितधारकों से अनुरोध किया है कि वे अटकलों से बचें और स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ने दें।
