उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- महंगे ईंधन का असर हर घर के बजट और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- महंगे ईंधन का असर हर घर के बजट और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा

Date : 19-May-2026

 भाेपाल, 19 मई । मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर राज्य सरकार से टैक्स में कटौती की मांग की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में ईंधन पर लगने वाले अधिक वैट और सेस के कारण आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने मंगलवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि देश के प्रमुख शहरों की तुलना में भोपाल में पेट्रोल की कीमत काफी अधिक है। उनके अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल लगभग 98.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि भोपाल में इसकी कीमत करीब 110.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। यानी मध्य प्रदेश के लोगों को प्रति लीटर लगभग 12 रुपये अधिक भुगतान करना पड़ रहा है।

उमंग सिंघार ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल इतना महंगा क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पेट्रोल पर 29 प्रतिशत वैट, 2.5 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त वैट और 1 प्रतिशत सेस वसूल रही है। वहीं डीज़ल पर 19 प्रतिशत वैट, 1.5 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त वैट और 1 प्रतिशत सेस लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर है, तो उसमें लगभग 28 से 30 रुपये प्रति लीटर राशि केवल टैक्स के रूप में वसूली जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महंगे पेट्रोल और डीज़ल का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। डीज़ल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ती है, जिससे सब्जियां, दूध, राशन, खेती-किसानी, निर्माण सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो जाती हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वैट और सेस में तत्काल कटौती की जाए, ताकि पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में कम से कम 12 से 15 रूपये प्रति लीटर तक राहत मिल सके। सिंघार ने कहा कि जनता को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement