दक्षिण दिनाजपुर, 19 मई । गंगारामपुर सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भाजपा विधायक सत्येन्द्र नाथ राय ने कड़ा असंतोष जताया है। मंगलवार दोपहर अचानक विधायक निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की अव्यवस्था पर कई गंभीर सवाल उठाए।
निरीक्षण के दौरान विधायक सत्येन्द्र नाथ राय ने पाया कि एक-एक बेड पर चार-चार मरीजों को रखा जा रहा है, जिससे अस्पताल की स्थिति बेहद खराब हो गई है। मरीजों के परिजनों की भीड़ से वार्डों का माहौल और जटिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को मिलने वाली न्यूनतम स्वास्थ्य सुविधाएं भी यहां सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
विधायक ने आरोप लगाया कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल होने के बावजूद यहां ऑपरेशन के लिए जरूरी उपकरणों की कमी है, जिसके कारण मामूली मामलों में भी मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में दलालों की सक्रियता और बाहरी लोगों के हस्तक्षेप पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
चिकित्सकों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बिना वजह मरीजों को रेफर करने की प्रवृत्ति बंद करनी होगी और सभी को नियमानुसार आठ घंटे की ड्यूटी करनी होगी। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हालांकि, विधायक ने अस्पताल के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अस्पताल में एटीएम मशीन लगाने और पोस्टमार्टम की स्थायी व्यवस्था करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। अब देखना होगा कि इस निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन क्या ठोस कार्रवाई करता है।
