बिजनौर ,19 मई । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में अभिभावक संघ के सदस्यों ने निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।
गौरतलब है कि अभिभावक संघ दो माह में तीसरी बार प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन दे चुका है, इसके बावजूद स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लग पाई है।
ज्ञापन में मुख्यालय पर संचालित डी.डी.पी.एस. स्कूल पर जबरन फीस वसूली का आरोप लगाया गया।अभिभावकों के अनुसार, स्कूल 750 रुपये की मांग कर रहा है, जिसका कोई स्पष्ट औचित्य नहीं है।
अभिभावकों ने जब स्कूल प्रशासन से इस संबंध में संपर्क किया, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बजाए, उन्हें अपने बच्चों का नाम स्कूल से कटवाने की धमकी दी गई।
अभिभावकों ने प्रशासन को चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें प्रमुख मांगों में सभी स्कूलों में प्रतिवर्ष फीस वृद्धि पर रोक लगाना और फीस के अतिरिक्त अन्य मदों पर वसूली बंद करना शामिल है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई स्कूलों ने अपने बुक सेंटर खोल रखे हैं, जबकि प्रदेश सरकार ने इस पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। अभिभावकों ने पुस्तकों के साथ जबरन अन्य सामग्री दिए जाने और प्रतिवर्ष पाठ्यक्रम न बदलने की भी मांग की।
इस अवसर पर मोहित चौधरी, अक्षय कुमार, मीनाक्षी शर्मा, रेनू वर्मा, अर्चना तिवारी, मीना सिंह, सुनीता, बबली, नेहा, ललित, राखी, प्रीति, फातिमा, सोनम, अमिताभ रानी, धर्म सिंह, देवेंद्र कुमार, मीनू रानी, पूनम, अंशु, साक्षी, बबली, उषा देवी, निधि, मलका, दीपा, बबीता, दीपेंद्र देशवाल, हिना और मोहित चौधरी सहित सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।
