तप रहा राजस्थान : श्रीगंगानगर बना देश का तीसरा सबसे गर्म शहर | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

तप रहा राजस्थान : श्रीगंगानगर बना देश का तीसरा सबसे गर्म शहर

Date : 28-May-2026

 जयपुर, 28 मई। राजस्थान में नौतपा के दौरान गर्मी ने अपने तेवर तीखे कर दिए हैं। प्रदेश का श्रीगंगानगर बुधवार को देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने आमजन का जनजीवन बेहाल कर दिया। सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में कैद होने को मजबूर दिखे।

प्रदेश के कई शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा। चूरू, बीकानेर, पिलानी और भीलवाड़ा में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। कोटा, फलोदी और हनुमानगढ़ में न्यूनतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। कोटा प्रदेश की सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां लोगों को पूरी रात गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ा।

श्रीगंगानगर में हालात इतने गंभीर हो गए कि लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन ने प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया।

मौसम विभाग के अनुसार यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

जयपुर रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां टेंट, कूलर और ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है ताकि सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार दोपहर बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में तेज आंधी और हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने साफ किया है कि इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और मई के अंतिम दिनों तक हीटवेव का असर जारी रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीटस्ट्रोक यानी लू लगने का खतरा तेजी से बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं दिख रही।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement