वाराणसी: ईद —उल अजहा पर कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिदों में विशेष नमाज अदा,खुदा की राह में पशुओं की कुर्बानी | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

वाराणसी: ईद —उल अजहा पर कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिदों में विशेष नमाज अदा,खुदा की राह में पशुओं की कुर्बानी

Date : 28-May-2026

 वाराणसी,28 मई । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में गुरूवार को कुर्बानी का त्योहार ईद —उल अजहा (बकरीद) पूरी अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। त्यौहार पर सुबह ईदगाहों व मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा के बीच विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने खुदा की राह में पशुओं की कुर्बानी पेश की।

जनपद में प्रात: 7 बजे से पूर्वांह 10.30 बजे तक विभिन्न मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई। इस दौरान जनपद के शहरी और ग्रामीण अंचल की मस्जिदें नमाजियों से खचाखच भरी रही। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिल त्योहार की मुबारकबाद दी। इस मौके पर उलमा ने तकरीर भी की।

विभिन्न मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज

बकरीद पर्व पर शहर के लाट मस्जिद सरैया में सरदार हाजी मकबूल ने सुबह 8:30 बजे, ईदगाह पुरानापुल में इमाम मौलाना शकील ने सुबह 7:45 बजे नमाज पढ़ाई। इसी क्रम में ईदगाह गोगा की बाग जलालीपुरा में हाजी मंजूर ने सुबह 6:45 बजे, ईदगाह शक्कर तालाब अहलेहदिस में इमाम मौलवी अब्दुल मतीन ने सुबह 6:15 बजे, ईदगाह लंगर मस्जिद में इमाम मौलाना इरशाद रब्बानी ने सुबह 6:45 बजे, जामा मस्जिद खोजापुरा में इमाम मौलाना जाहिर ने सुबह 6:45 बजे, मस्जिद शहीद बाबा अमरपुर सरैया में इमाम हाफिज गुलाम सुबह 6:45 बजे,मस्जिद सुन्नी इमामबाड़ा सरैया में इमाम मौलाना इकबाल अहमद सेराजी ने सुबह 6:30 बजे, खानखा हमीदिया रसीदिया शक्कर तालाब में इमाम मौलाना प्यारे मियां ने सुबह 7:00 बजे, बड़ी मस्जिद सरैया में इमाम हाफिज खैरुद्दीन ने सुबह 7:30 बजे,जामा मस्जिद आगागंज में इमाम मौलाना रमजान अली ने सुबह 7:00 बजे, जामा मस्जिद कमलगड़हा में इमाम मौलाना मोहम्मद अहमद ने सुबह 6:30 बजे, मस्जिद मीनार कमालपुरा में इमाम मौलाना निजाम ने सुबह 6:45 बजे, मखदूम शाह बाबा मस्जिद लाट सरैया में सुबह 6:30 बजे नमाज पढ़ाई गई। इसी तरह बाछड़ की मस्जिद कमच्छा, ईदगाह पितरकुंडा,लंगड़े हाफिज मस्जिद नईसड़क,ज्ञानवापी,मस्जिद नवाबटोंक गिलट बाजार,नदेसर जामा मस्जिद, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ रोड स्थित बड़ी ईदगाह, मस्जिद कुतुबशाह मंडुवाडीह ,मस्जिद अस्तबल शिवाला, मस्जिद, ढाईकंगूरा चौहंट्टालाल खां में नमाज पढ़ाई गई। नमाज के बाद उलमा ने मुल्क की सलामती, खुशहाली, एकता, भाईचारगी आदि की दुआ की। उलमा के प्रत्येक लफ्ज पर नमाजियों ने आमीन कहा।

— शिया मस्जिदों में समुदाय के लोगों ने पढ़ी नमाज

वाराणसी शहर के शिया मस्जिदों में उलमा ने पहले तकरीर की बाद में नमाज पढ़ाई। दरगाह फातमान, मस्जिद असना अशरी व सदर इमामबाड़ा लाट सरैया, मस्जिद चौहंट्टालाल खां, मस्जिद मीर नजीर अली औरंगाबाद, जामा मस्जिद अर्दलीबाजार में शिया समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़ी। शहर के अहले हदीस मस्जिदों व ईदगाहों में महिलाओं ने भी पर्दे में सामूहिक रूप से नमाज अदा की। बकरीद की नमाज के दौरान जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मस्जिदों व ईदगाहों के पास सुरक्षा बलों के जवान आने जाने वालों पर पैनी निगाह रखे हुए थे। वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी साथ-साथ चक्रमण करते रहे। शहर के लंगड़े हाफिज मस्जिद नई सड़क, ज्ञानवापी, लाट सरैया आदि में नमाज के समय काफी सतर्कता देखी गई। पुलिस अफसरों ने सीसीटीवी,ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल अधिकारियों के साथ व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

वहीं, मुफ्ती ए शहर मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने समुदाय से अपील किया कि कुर्बानी के दौरान गंदगी न की जाए और ना ही अवशेषों को सार्वजनिक स्थलों पर फेंका जाए। उन्होंने कहा कि इस्लाम में गंदगी करने की इजाजत नहीं है और पैगंबर साहब भी सफाई के पैरोकार थे। उन्होंने लोगों से अपील किया कि नगर निगम द्वारा बताए गए स्थलों पर अवशेषों को फेकें। कुर्बानी के दौरान वीडियो नहीं बनाने की खास अपील की। उन्होंने खासकर युवाओं से कहा है कि कुर्बानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर ना डालें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement