हिसार, 05 फरवरी । भाजपा के पूर्व जिला
महामंत्री सुरेश गोयल धूप वाला ने प्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक इकाइयों को असीमित
ऊंचाई तक निर्माण की अनुमति देने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे उद्योग हित में
एक दूरदर्शी और सराहनीय कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अब तक औद्योगिक इकाइयों में
अधिकतम 15 मीटर ऊंचाई तक ही निर्माण की अनुमति थी, जिससे कई उद्योगों को विस्तार में
कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
सुरेश गोयल ने गुरुवार काे कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार
की उद्योग एवं व्यापार के प्रति सकारात्मक सोच का ही परिणाम है कि निरंतर ऐसे जनहितकारी
और विकासोन्मुख निर्णय लिए जा रहे हैं। इस नई नीति से विशेष रूप से छोटे व मध्यम उद्यमियों
को बड़ा लाभ मिलेगा, जो सीमित संसाधनों के कारण महंगी जमीन खरीदने में असमर्थ थे। उन्होंने
कहा कि भूमि की बढ़ती कीमतें और सीमित उपलब्धता लंबे समय से उद्योग स्थापना में बाधा
बनी हुई थीं। अब ऊंचाई में निर्माण की छूट मिलने से कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन इकाइयों
की स्थापना संभव हो सकेगी, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
सुरेश गोयल ने बताया कि सरकार की नई नीति के
तहत अब उद्योगों को चारों ओर अतिरिक्त खाली भूमि छोड़ने की अनिवार्यता भी कम होगी,
जिससे उपलब्ध भूमि का बेहतर और अधिकतम उपयोग संभव होगा। इससे न केवल औद्योगिक विकास
को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह निर्णय हरियाणा को औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान
दिलाने में सहायक सिद्ध होगा तथा प्रदेश को निवेश के लिए और अधिक आकर्षक बनाएगा। उन्होंने
प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय आत्मनिर्भर भारत और विकसित
हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
