आमेर मावठा सरोवर में 22 फरवरी से पर्यटकों के लिए शुरू होगी नाव सेवा | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

आमेर मावठा सरोवर में 22 फरवरी से पर्यटकों के लिए शुरू होगी नाव सेवा

Date : 20-Feb-2026

 जयपुर, 20 फ़रवरी । विश्व प्रसिद्ध आमेर महल की तलहटी स्थित मावठा सरोवर में करीब दो दशक बाद फिर से बोटिंग सेवा शुरू की जा रही है। लगभग 20 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यहां ट्रायल संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। जिससे आमेर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

परियोजना प्रभारी सुमित सिंह ने बताया कि 22 फरवरी को दोपहर 2 बजे से ट्रायल शुरू होगा। ट्रायल सफल रहने पर इसी दिन से आम पर्यटकों के लिए आधिकारिक संचालन आरंभ कर दिया जाएगा। बोटिंग संचालन का अनुबंध पर्यटन विभाग ने जसराज इंफ्रा को दिया है। कंपनी ने सरोवर पर दो जेटी स्थापित की हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 25 पैडल बोट, 5 कश्मीरी शैली की शिकारा, 20 सीटर और 30 सीटर लग्जरी बोट संचालित की जाएंगी। 30 सीटर लग्जरी बोट विशेष आकर्षण रहेगी, जबकि हेरिटेज लुक वाली नावें भी जल्द शामिल की जाएंगी। किराया दरें शीघ्र घोषित की जाएंगी। वहीं अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा मानकों, जेटी प्रबंधन और रेस्क्यू सिस्टम का परीक्षण किया जा रहा है। सभी पर्यटकों को लाइफ जैकेट दी जाएगी तथा प्रशिक्षित नाविक, गोताखोर और रेस्क्यू बोट तैनात रहेंगी।हरी-भरी अरावली पहाड़ियों के बीच शांत जल में आमेर महल का प्रतिबिंब और तैरती नावें पर्यटकों को विशेष अनुभव देंगी। पर्यटन विभाग ने कालबेलिया नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम और भविष्य में लाइट एंड साउंड शो की भी योजना बनाई है। सरोवर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पर्यटकों के लिए बोटिंग करने का किराया भी जल्द तय किया जाएगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित नाविक और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही मावठा सरोवर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड महेश कुमार शर्मा ने बताया कि आमेर महल विश्व प्रसिद्ध है। आमेर महल में बोटिंग की नई शुरुआत हो रही है। अब आमेर आने वाले देसी विदेशी पर्यटक बोटिंग का भी आनंद ले सकेंगे। इससे पर्यटक काफी आकर्षित होंगे। बोटिंग की शुरुआत होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement