नई दिल्ली, 21 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को राष्ट्र के खिलाफ अपराध बताया है। भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते करते कांग्रेस अब राष्ट्र विरोधी हो गयी है।
संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा, "कांग्रेस द्वारा किया गया यह विरोध निंदनीय है। यह सिर्फ एक गलती नहीं बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है। माफी मांगने की जगह कुछ कांग्रेस नेता इसको जायज ठहरा रहे थे और कह रहे थे कि ये युवाओं का आक्रोश है। दुनिया के सामने वो भारत को बदनाम करने के लिए इसे युवाओं का आक्रोश कह रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस भाजपा की आलोचना कर रही हैं तो कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जब दुनिया भारत की प्रगति की सराहना कर रही है तो इसे स्वीकार करना चाहिए है। यहां तक कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी कहा कि एक दशक पहले डिजिटल लेनदेन बहुत कम थे और आज तो गली-मोहल्ले के विक्रेता भी यूपीआई का उपयोग कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि फिर भी राहुल गांधी भारत की इस सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं और देश का अपमान करना जारी रखे हुए हैं।
रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं को उन्होंने राहुल गांधी को समझाने की कोशिश करने के कहा लेकिन राहुल न जाने कब समझदारी से पेश आएंगे? युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन से भाजपा ही नहीं देश के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि एआई शिखर सम्मेलन भाजपा का कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के लिए गौरव की बात है, लेकिन राहुल को यह बात समझ में नहीं आती।
उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक घटना है। जब बात राष्ट्रहित की हो तो उसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। चुनाव नहीं जीत पाने की हताशा में कांग्रेस अब देश के खिलाफ आचरण कर रही है। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने प्रधानमंत्री मोदी को इतने भव्य एआई शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने इस सम्मेलन की सराहना की।
