लखनऊ, 21 फरवरी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के दो लाख 51 हजार किसान परिवारों को 285 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि फसल का बीमा करवाने पर आपदा के समय फसल नुकसान होने पर आर्थिक सहायता प्राप्त होती है, यह राशि अन्नदाता किसानों को संबल है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत सहायता राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के दो लाख 51 हजार किसान परिवारों को 285 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति प्रदान की गई है। यह वे किसान हैं जिन्हें अतिवृष्टि या सूखे के कारण नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आपदा खतरनाक होती है। मनुष्य की कमी कोई पूरा नहीं कर सकता लेकिन सरकार संबल देने के लिए खड़ी है। अन्नदाता किसानों को सरकार आज उन्हें योजना से जोड़ रही है। सरकार हमेशा सहयोग करने को तैयार रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल का बीमा कराने से बहुत छोटा सा हिस्सा खर्च होता है लेकिन किसी आपदा के कारण नुकसान हुआ तो उसकी भरपाई ऐसे होती है। मै यहां देख रहा था कि किसी किसान को एक लाख 17 हजार की राशि तो किसी को एक लाख 72 हजार की राशि, दो लाख 11 हजार तो किसी को 88 हजार की राशि प्राप्त हुई है। यह सभी अन्नदाता किसानों के लिए संबल है।
पहले प्रदेश में आपदा आती थी तो वर्षों तक पीड़ित का कोई पुरसाहाल नहीं होता था। कम्पनसेशन तो दूर की बात थी, 2015-16 में किसानों के खाते में दो रुपये, चार रुपये जाते हुए देखा गया है। सरकार बदली, हमने कार्यवाही शुरू की। आपदा के 24 घण्टे में पीड़ित को सहायता राशि देने की कार्यवाही की जा रही है। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के अलावा शासन के अधिकारी मौजूद रहे।
